
रायपुर: भाजपा के सदस्यता अभियान में बीते साल प्रदेश संगठन ने प्रदेश में 60 लाख सदस्य बनाकर इतिहास रचने का काम किया है। प्रदेश संगठन ने कार्यकर्ताओं को तीन हजार सदस्य बनाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ भोजन करने का मौका देने के साथ सम्मान भी करने का ऐलान किया था।
20 हजार सदस्य बनाने वालों को सदस्यता भूषण सम्मान दिया जायेगा :
सदस्यता अभियान समाप्त होने के पांच माह बाद भी अब तक कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं किया गया है और उनको सीएम के साथ भोजन करने का मौका भी नहीं मिला है, लेकिन जिला और राज्य स्तर पर दिए जाने वाले सम्मान का नाम जरूर तय कर दिया गया है। सौ सदस्य बनाने वालों को शतकवीर सम्मान और 20 हजार सदस्य बनाने वालों को सदस्यता भूषण सम्मान दिया जाएगा। यह सम्मान कब मिलेगा, इसकी तारीख अभी तक तय नहीं है।
मुख्य मंत्री के साथ मंत्रियो और विधयाकों ने किया लक्ष्य प्राप्त :
बीते वर्ष सितंबर से दिसंबर तक भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने पूरे देश में सदस्यता अभियान चलाया। इस दौरान सांसदों के लिए 20 हजार और विधायकों के लिए 10 हजार नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ सभी मंत्रियों और ज्यादातर विधायकों ने अपना लक्ष्य प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की। कुछ विधायक अपना लक्ष्य प्राप्त ही नहीं कर सके। इसी तरह से सांसदों में आधा दर्जन से अपना लक्ष्य प्राप्त ज्यादा सांसद नहीं सके। ये सांसद तो आधे लक्ष्य तक भी नहीं पहुंचे सके। एक सांसद तो पांच सौ सदस्य भी नहीं बना सके थे।
कार्यकर्ताओं ने किया कमाल:
जहां एक तरफ कई सांसद और विधायक लक्ष्य प्राप्त करने में सफल नहीं रहे, वहीं थोक में कार्यकर्ताओं ने तीन हजार सदस्य बनाने का काम आसानी से किया। इसी के साथ कई कार्यकर्ताओं ने दस हजार और इससे ज्यादा भी सदस्य बनाने का काम किया है। अब इन सभी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के साथ भोजन करने के साथ सम्मान का इंतजार है।
किसको कौन सा सम्मान:
जिला स्तर पर सौ सदस्य बनाने वाले सदस्यों को शतकवीर सम्मान, 500 सदस्य बनाने वालों को शक्ति सम्मान और हजार सदस्य बनाने वालों को दीप सम्मान दिया जाएगा। इसी तरह से राज्य स्तर पर तीन हजार से ज्यादा सदस्य बनाने वालों को सदस्यता श्री सम्मान, पांच हजार से ज्यादा सदस्य बनाने वालों को सदस्यता गौरव सम्मान, 10 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने वालों को सदस्यता रत्न और 20 हजार सदस्य बनाने वालों को सदस्यता भूषण सम्मान दिया जाएगा।