K Bhagyaraj Death News: तमिल फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता, निर्देशक, लेखक और स्क्रीनप्ले विशेषज्ञ के. भाग्यराज का 73 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद चेन्नई में उनका निधन हुआ, जिससे दक्षिण भारतीय सिनेमा सहित पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। भाग्यराज के निधन की खबर सामने आते ही फिल्मी और राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियां उनके घर पहुंचीं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने परिवार से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया, जबकि सुपरस्टार रजनीकांत ने भी अंतिम दर्शन कर अपने पुराने मित्र को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री विजय ने परिवार को बंधाया ढांढस
चेन्नई स्थित आवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री विजय ने दिवंगत फिल्मकार के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने अभिनेता शंतनु भाग्यराज और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। भावुक माहौल में विजय ने परिवार के साथ कुछ समय बिताया और भाग्यराज के योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि के. भाग्यराज ने अपने अभिनय, निर्देशन और लेखन से तमिल सिनेमा को नई पहचान दी। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
तमिलनाडु सरकार ने फिल्म जगत में उनके दशकों लंबे योगदान को देखते हुए अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कराने का फैसला लिया। रविवार को चेन्नई में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें फिल्म जगत और राजनीति से जुड़ी कई हस्तियां मौजूद रहीं।
रजनीकांत समेत कई सितारों ने जताया शोक
सुपरस्टार रजनीकांत शूटिंग छोड़कर अपने करीबी मित्र के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने भाग्यराज को "बेहतरीन इंसान और शानदार फिल्मकार" बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा कमल हासन, चिरंजीवी, आर. माधवन और कई अन्य कलाकारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त किया और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को याद किया।
भारतीय सिनेमा को अपूरणीय क्षति
के. भाग्यराज को तमिल सिनेमा में "किंग ऑफ स्क्रीनप्ले" के रूप में जाना जाता था। उन्होंने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों का निर्देशन और लेखन किया। उनकी कहानियां, संवाद और निर्देशन शैली दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रही। उनके निधन से भारतीय फिल्म उद्योग ने एक ऐसे रचनाकार को खो दिया है, जिसकी विरासत हमेशा सिनेमा प्रेमियों के दिलों में जीवित रहेगी।