होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

CHHATARPUR NEWS : हाईटेंशन लाइन से टकराया हार्वेस्टर, चालक की जिंदा जलकर मौत..

CHHATARPUR NEWS : हाईटेंशन लाइन से टकराया हार्वेस्टर, चालक की जिंदा जलकर मौत..

छतरपुर: छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र की पड़रिया चौकी अंतर्गत नेगुंवा गांव में रविवार को गेहूं कटाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रहा हार्वेस्टर अचानक 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे शॉर्ट सर्किट के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में हार्वेस्टर चला रहे 27 वर्षीय शैलेंद्र पटेल की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।

हार्वेस्टर बिजली लाइन की चपेट में आया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेत में कटाई के दौरान हार्वेस्टर का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन से टकरा गया। टकराते ही मशीन में करंट फैल गया और चिंगारी से आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही मिनटों में पूरा हार्वेस्टर आग की लपटों में घिर गया।

फसल भी जलकर हुई नष्ट

हादसे में करीब 30 से 32 लाख रुपये कीमत का हार्वेस्टर बुरी तरह जल गया है। इसके साथ ही फसल भी आग की चपेट में आकर जल/नष्ट हो गई। मौके पर मौजूद लोगों और ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

मृतक की पहचान शैलेंद्र पटेल के रुप में हुई

मृतक शैलेंद्र पटेल, राजनगर क्षेत्र के नहदोरा गांव का निवासी था और सटई निवासी बालक पटेल के हार्वेस्टर पर ऑपरेटर के रूप में कार्य कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पड़रिया चौकी पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप..

स्थानीय लोगों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें काफी नीचे लटक रही हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की बात कही है।
 


संबंधित समाचार