इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह नजर आ रहा है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जहां जोरों शोरों से जारी है। तो वही दूसरी तरफ कुछ युवाओं ने राहुल गांधी को सरप्राइज देने के लिए उनकी तस्वीर अपने हाथों में बनाई है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
20 से ज्यादा आदिवासी युवा ने बनवाए टैटू
बताया जा रहा है कि 20 से अधिक आदिवासी युवा टैटू बनवाने के लिए पहुंचे, और राहुल गांधी के प्रति अपने प्यार को जाहिर किया। यह पहल यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी शिवी चौहान और यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष निखिल वर्मा के नेतृत्व में की गई।
राहुल गांधी को सरप्राइज देने बनाया टैटू
कार्यकर्ताओं के मुताबिक, इन टैटू का उद्देश्य राहुल गांधी को कार्यक्रम के दौरान सरप्राइज देना है। युवाओं ने अपने हाथों पर टैटू बनवाकर कार्यक्रम के प्रति अपनी भागीदारी और उत्साह जाहिर किया।
कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज
19 सितंबर को इंदौर के रीजनल पार्क के सामने मैदान में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की तैयारियां जारी हैं। आयोजन से पहले युवा कार्यकर्ताओं की यह पहल स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।