शिवपुरी : सागर जहरीली शराब कांड के बाद मध्य प्रदेश के विभिन जिलों में शराबबंदी को लेकर महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन जहां तेज कर दिया है। तो वही शिवपुरी में शराबबंदी की मांग को लेकर बुधवार को महिलाएं मोबाइल टॉवर पर चढ़ गईं, जबकि कुछ महिलाएं टॉवर के नीचे बैठकर शराबबंदी की मांग करती रहीं।
मामला पिछोर क्षेत्र के गूगरी गांव का
मामला पिछोर क्षेत्र के गूगरी गांव का है। महिलाओं का कहना है कि गांव में किसी भी शराब दुकान का लाइसेंस नहीं है, इसके बावजूद गांव में देशी और कच्ची शराब आसानी से उपलब्ध हो जाती है। महिलाओं का कहना है कि शराब पीकर घर लौटने के बाद कई पुरुष परिवार में विवाद करते हैं। इसका सीधा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है।
टॉवर पर चढ़ने की खबर मिलते ही पहुंची पुलिस
महिलाओं का कहना था कि कई बार समस्या उठाने के बावजूद गांव में शराब की उपलब्धता पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है। इसी से परेशान होकर उन्होंने बुधवार को सामूहिक रूप से विरोध जताया। वही मामले की जानकारी जब पुलिस को लगी तो वो मौके पर पहुंचे और टॉवर पर चढ़ी महिलाओं से बातचीत शुरू की और उन्हें नीचे उतरने के लिए समझाइश दी।
शराब बिक्री बंद की मांग
हालांकि महिलाओं ने शराब बिक्री बंद कराने और गांव को शराब से मुक्त कराने की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि आए दिन शराब की वजह से घरेलू कलह की स्थिति बनी रहती है। जिसका असर बच्चों पर पड़ रहा है।