बिलासपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और जबरन वसूली से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ किन्नर ट्रेन के कोच के भीतर यात्रियों के बीच घूमते और पैसे मांगते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि यह वीडियो कब का है और किस ट्रेन में रिकॉर्ड किया गया था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
पैसे नहीं देने पर दुर्व्यवहार के आरोप
वायरल वीडियो को लेकर कुछ यात्रियों का दावा है कि ट्रेनों में किन्नरों के समूह अक्सर चढ़ जाते हैं और यात्रियों से पैसे मांगते हैं। आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर कई बार यात्रियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
वीडियो को लेकर किन्नर समुदाय में विवाद
मामले में किन्नर समुदाय के भीतर भी मतभेद सामने आए हैं। किन्नर पूजा ने वायरल वीडियो को लगभग चार महीने पुराना बताया है। उनका कहना है कि हाल के विवादों के बाद कुछ लोगों द्वारा उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से इस वीडियो को दोबारा सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।
थाना पहुंचा विवाद, एक-दूसरे पर लगाए आरोप
वीडियो वायरल होने के बाद किन्नर समुदाय के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए मामला तोरवा थाना तक पहुंचाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और वायरल वीडियो की सत्यता तथा उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।