लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हाथ मिलाकर नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों नेताओं ने अपने गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया है। लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद ने घोषणा की कि उनका मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगा।
इस गठबंधन के ऐलान के साथ ही यूपी की चुनावी राजनीति में नए समीकरण बनने लगे हैं। चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी इस मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया है। उनका कहना है कि यदि विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करना चाहते हैं, तो उन्हें एक साथ आकर चुनाव लड़ना चाहिए।
आजाद और ओवैसी के गठबंधन का नाम 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा'
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद ने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस मोर्चे में दो राजनीतिक दल शामिल हैं। इनमें आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) शामिल हैं।
आजाद ने इसे तीसरा मोर्चा बताने के बजाय सामाजिक परिवर्तन की दिशा में पहला मजबूत राजनीतिक मोर्चा बताया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उन्हें मुख्यधारा की राजनीति में लाने की बात कही थी, उन्होंने बहुजन समाज के साथ विश्वासघात किया। उनके मुताबिक, आज भी समाज का एक बड़ा वर्ग बुनियादी सुविधाओं और सम्मान से वंचित है।
यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर उतरेंगे उम्मीदवार
चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन की चुनावी रणनीति को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा केवल 100 या 150 सीटों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
उन्होंने भाजपा के खिलाफ विपक्ष की अब तक की रणनीति पर भी सवाल उठाए। आजाद ने कहा कि 2014 से 2024 तक भाजपा को सत्ता से हटाने के दावे किए जाते रहे, लेकिन इसके बावजूद पार्टी लगातार मजबूत हुई। उन्होंने दलितों और वंचितों के सम्मान और अधिकारों को अपने राजनीतिक एजेंडे का प्रमुख मुद्दा बताया।
अखिलेश यादव और राहुल गांधी को भी गठबंधन का न्योता
चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में शामिल होने का खुला प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए विपक्ष का बड़ा गठबंधन बनना चाहिए।
आजाद के मुताबिक, उन्होंने पहले भी एकजुटता की कोशिश की थी, लेकिन कुछ दलों के अहंकार और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के कारण बात आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बावजूद उन्होंने सपा और कांग्रेस को साथ आने का न्योता देते हुए कहा कि यदि दोनों दल भाजपा के खिलाफ मिलकर लड़ना चाहते हैं, तो उनका मोर्चा सहयोग के लिए तैयार है।
2027 के चुनाव में कितना असर डालेगा नया मोर्चा?
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटों के लिए 2027 में चुनाव होने हैं। ऐसे में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी का गठबंधन प्रदेश की राजनीति में एक नया विकल्प पेश करने की कोशिश कर रहा है।
फिलहाल सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में दो पार्टियां शामिल हैं। अब राजनीतिक नजरें इस बात पर रहेंगी कि क्या सपा और कांग्रेस इस प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया देती हैं और क्या आने वाले समय में अन्य दल भी इस गठबंधन का हिस्सा बनेंगे। नए मोर्चे की चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों के ऐलान के बाद ही प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों पर इसके वास्तविक प्रभाव का आकलन हो सकेगा।