रीवा : मध्य प्रदेश में सड़क हादसे बेलगाम होते जा रहे है। आए दिन हो रहे एक्सीडेंट में लोगों की बेवजह मौत हो रही है। इसी कड़ी में सड़क हादसे की दुखद खबर रीवा से सामने आई है। जहां रीवा-सीधी मार्ग पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात हुए एक्सीडेंट में 2 युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक काम निपटा कर घर लौट रहे थे। तभी वो हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस ने की मृतकों की पहचान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक किसी काम से बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान चौड़ियार मोड़ के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान मनसुख चतुर्वेदी और गणेश पटेल, दोनों निवासी सिलपरा के रूप में की है।
CCTV कैमरे की जांच में जुटी पुलिस
शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे या सामने से टक्कर मारी होगी। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना स्थल पर लगे CCTV कैमरे की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मामले की सभी पहलू से जांच की जा रही है।