Chhatarpur Crime: बुंदेलखंड में लुटेरी दुल्हन का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहाँ दुर्गा कॉलोनी के रहने वाले मनोज अहिरवार को शादी के नाम पर डेढ़ लाख की चपत लगाई गई है। शादी के महज दो दिन बाद ही दुल्हन जेवरात समेटकर बाजार से रफूचक्कर हो गई।
डेढ़ लाख में हुआ था सौदा
पीड़ित मनोज अहिरवार (मूल निवासी ग्राम सैला) का विवाह 24 अप्रैल 2026 को जटाशंकर धाम में आकांक्षा नाम की युवती के साथ संपन्न हुआ था। इस शादी का सौदा पड़ोस में रहने वाले विक्की सेन नामक बिचौलिए ने तय कराया था। बिचौलिए ने शादी कराने के बदले पीड़ित परिवार से 1.5 लाख रुपये ऐंठ लिए थे।
बाजार की भीड़ में रची गई साजिश
शादी के बाद परिवार गांव जाकर खुशियां मना रहा था, लेकिन 26 अप्रैल को दुल्हन ने साड़ी खरीदने की जिद की। पति मनोज, बिचौलिया विक्की और एक अन्य साथी आकाश प्रजापति उसे लेकर महाराजपुर बाजार पहुंचे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर दुल्हन कीमती गहने और सामान लेकर गायब हो गई।
बिचौलिया भी निकला गिरोह का हिस्सा
दुल्हन के भागते ही मौके से बिचौलिया विक्की और उसका साथी आकाश भी चंपत हो गए। जब पीड़ित मनोज ने विक्की को फोन लगाया, तो उसने पैसे लौटाने के बजाय गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इससे यह साफ हो गया कि यह पूरी साजिश एक संगठित गिरोह द्वारा रची गई थी।
घर गिरवी रखकर की थी शादी
पीड़ित के पिता अच्छेलाल अहिरवार ने रोते हुए बताया कि उन्होंने बेटे की शादी के लिए अपना घर गिरवी रखकर पैसे जुटाए थे। अब परिवार के पास न तो बहू बची है और न ही जीवन भर की कमाई। ठगी का शिकार हुए परिवार ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।