सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में रीवा लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। लोकायुक्त की 15 सदस्यीय टीम ने आदिवासी विभाग में पदस्थ संयोजक संजय सिंह चौहान को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।
बकाया भुगतान और बहाली के बदले मांगे पैसे
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अशोक योगी करुणा भवन में संचालित छात्रावास में रसोइये के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में उन्हें विभागीय सेवा से पृथक कर दिया गया था। आरोप है कि वेतन के बकाया भुगतान और बहाली के बदले संजय सिंह चौहान ने 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। ऐसे में शिकायतकर्ता ने भी काम जल्द करवाने के लिए 10 हजार रुपये महिला अधीक्षिका के माध्यम से दे दिए। लेकिन संजय लगातार फरयादी पर पैसों के लिए दबाव बना रहा था।
कार्यवाही जारी
ऐसे में फरयादी ने संजय की शिकायत लोकायुक्त में कर दी। शिकायत सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप का प्लान बनाया और बकाया राशि लेने के दौरान आदिवासी विभाग के संयोजक को गिरफ्तार किया। जिससे फ़िलहाल पूछताछ की जा रही है।