छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी चौथी हिंदू सनातन एकता रथ यात्रा का ऐलान कर दिया है। यह यात्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से अयोध्या तक निकाली जा सकती है। हालांकि, उन्होंने इसे अंतिम निर्णय मानने से इनकार किया है।
प्रतिदिन 40 से 50 किलोमीटर तक का सफर
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मुताबिक, प्रस्तावित यात्रा में प्रतिदिन 40 से 50 किलोमीटर तक की दूरी तय करने की योजना है। उन्होंने बताया कि भक्तों की मांग के आधार पर यात्रा का आयोजन छत्तीसगढ़ या बिहार में भी किया जा सकता है।
यात्रा की तारीख- अवधि तय नहीं
बाबा के इस बयान के बाद यात्रा के संभावित मार्ग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल यात्रा की तारीख, अवधि और अंतिम रूट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। श्रद्धालुओं की मांग के बाद ही आगे की रूपरेखा तय होने की संभावना है।
धीरेंद्र शास्त्री की यात्राएं कब-कब निकली
बाबा बागेश्वर ने पहली पदयात्रा दो साल पहले 2024 में बागेश्वर धाम से ओरछा तक निकाली थी. इसकी दूरी लगभग 160 किलोमीटर थी और ये यात्रा 8 दिन तक चली. दूसरी पदयात्रा पिछले साल निकाली थी. ये यात्रा दिल्ली से लेकर वृंदावन तक निकाली गई. इसकी दूरी करीब 145 किलोमीटर थी. यात्रा 10 दिन चली. तीसरी यात्रा हाल ही में निकाली गई. यात्रा बागेश्वर धाम से शुरू होकर पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़ होते हुए छतरपुर में संपन्न हुई.