उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन में उस वक़्त हड़कप मच गया जब नागझिरी क्षेत्र स्थित लालपुर शासकीय बालगृह से 3 बच्चे फरार हो गए। तीनों बच्चे मंगलवार शाम से लापता थे। जिसकी जानकारी इंचार्ज को तब लगी जब बच्चों की गिनती की गई। आनन फानन में बालगृह के कर्मचारियों और अधिकारियों ने सभी जगह जांच की। तब जाकर उन्हें पता चला कि बच्चे बाथरूम की ग्रिल तोड़कर फरार हो गए है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक बच्चों का कुछ पता नहीं चल पाया है।
बाथरूम की ग्रिल तोड़कर भागे बच्चें
मामला मंगलवार शाम 7 बजे के आस पास का है। बताया जा रहा है कि बच्चों ने पहले बाथरूम की ग्रिल को तोड़ा और फिर उसी रास्ते से बाहर निकल गए। यह सब इतनी चुपचाप हुआ कि बालगृह के स्टाफ को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब गिनती के दौरान बच्चों की कमी महसूस हुई, तब जाकर मामला सामने आया। बच्चों के भागने से बालगृह में जहां हड़कप मच गया है। वही पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
शाम 7 बजे के आस पास का मामला
भागने वाले बच्चों में दो उज्जैन के और एक शाजापुर का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक शाजापुर का बच्चा एक हफ्ते पहले ही बालगृह में लाया गया था, जबकि उज्जैन के दोनों बच्चे करीब 6 महीने से यहां रह रहे थे।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस बच्चों की तलाश के लिए मौके पर लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के अन्य संभावित स्थानों पर सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन अभी तक बच्चों का कुछ पता नहीं चल सका है।
सुरक्षा में बड़ी चूक
बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब बच्चे बालगृह से भागे है। इसके पहले भी 20 जनवरी 2026 को भी इसी बालगृह से दो नाबालिग बच्चे बाथरूम की ग्रिल और वेंटिलेशन तोड़कर भाग गए थे। इसके अलावा नवंबर 2023 में भी तीन बच्चे कमरे की ग्रिल तोड़कर फरार हो चुके हैं। जो की सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है।