छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बड़े ठगी गिरोह का खुलासा हुआ है, जो लोगों को हॉलीडे पैकेज और महंगे गिफ्ट का लालच देकर ठग रहा था। यह गिरोह शहर के मैग्नेटो मॉल स्थित एक निजी कंपनी के जरिए सक्रिय था। आरोप है कि कंपनी लकी कूपन और फ्री गिफ्ट का झांसा देकर लोगों से भारी रकम वसूल रही थी। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने कंपनी संचालक सहित 16 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आरोपी ऑफिस बंद कर फरार हो गए हैं।
कॉल के जरिए फंसाते थे शिकार
पीड़ित अमित गुप्ता के अनुसार, उन्हें 20 फरवरी को एक कॉल आया, जिसमें बताया गया कि उनका नाम लकी कूपन में निकला है। गिफ्ट लेने के लिए उन्हें ऑफिस बुलाया गया। वहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें आकर्षक हॉलीडे पैकेज और विशेष ऑफर्स का लालच दिया और पैसे जमा करने के लिए राजी कर लिया।
किस्तों में वसूली, फिर बंद हो गए फोन
अमित ने पहले 27 फरवरी को 25 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद टिकट बुकिंग, होटल बुकिंग और अन्य सुविधाओं के नाम पर उनसे करीब 50 हजार रुपए और वसूले गए। कंपनी ने भरोसा दिलाया था कि सभी डिटेल्स ईमेल के जरिए भेजी जाएंगी, लेकिन भुगतान के बाद आरोपियों ने फोन बंद कर लिए।
ऑफिस पहुंचने पर खुला राज
जब पीड़ित को शक हुआ तो वह 24 अप्रैल को कंपनी के ऑफिस पहुंचे, जहां ताला लगा मिला। वहां पहले से मौजूद अन्य लोगों ने भी खुद को इसी तरह की ठगी का शिकार बताया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 15 से 20 लोगों से 50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक की ठगी की गई है।
अन्य शहरों में भी फैला नेटवर्क
पुलिस जांच में पता चला है कि गिरोह का नेटवर्क सिर्फ बिलासपुर तक सीमित नहीं था। आरोपियों ने रायपुर के मैग्नेटो मॉल और भिलाई के सूर्या मॉल में भी अपने ऑफिस खोल रखे थे। ये लोग खासतौर पर नौकरीपेशा और संपन्न वर्ग के लोगों को निशाना बनाते थे और क्रेडिट कार्ड व यूपीआई के जरिए पैसे वसूलते थे।
पुलिस की चेतावनी
एएसपी सिटी पंकज पटेल ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लकी ड्रॉ, फ्री गिफ्ट या आकर्षक पैकेज के झांसे में न आएं। किसी भी योजना में निवेश करने से पहले उसकी पूरी जांच जरूर करें। जागरूकता ही इस तरह की ठगी से बचने का सबसे कारगर उपाय है।