राजेश सोनी, डबरा : सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर में आयोजित 44वीं अखिल भारतीय पुलिस अश्वारोही प्रतियोगिता एवं माउंटेड पुलिस ड्यूटी मीट का समापन समारोह संपन्न हुआ। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और विभिन्न राज्य पुलिस बलों की उत्कृष्ट अश्वारोही टीमों ने भाग लिया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि विशेष महानिदेशक (मानव संसाधन) महेश कुमार अग्रवाल रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन सुरक्षा बलों की परंपराओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ पेशेवर दक्षता को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।
घुड़सवारों ने किया प्रदर्शन
प्रतियोगिता के दौरान घुड़सवारों ने अपने कौशल, अनुशासन और संचालन क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य सुरक्षा बलों में घुड़सवारी की गौरवशाली परंपरा को मजबूत करना, ऑपरेशनल दक्षता को बढ़ावा देना और विभिन्न बलों के बीच बेहतर समन्वय व सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
अकादमी द्वारा प्रतिभागी टीमों और उनके घोड़ों के लिए उच्च स्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। आधुनिक अस्तबल, प्रशिक्षण ग्राउंड और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।
विजेताओं को मिली ट्रॉफी
समापन अवसर पर बेस्ट हॉर्स, बेस्ट वूमेन राइडर, बेस्ट राइडर, 44वीं माउंटेड पुलिस ड्यूटी मीट ट्रॉफी सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार वितरित किए गए। विजेताओं को ट्रॉफी और सम्मान प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।