होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Rice Price Hike: रायपुर में चावल और खाद्य तेलों की कीमतों में आग, जानिए कौन-सी किस्म कितनी महंगी हुई

Rice Price Hike: रायपुर में चावल और खाद्य तेलों की कीमतों में आग, जानिए कौन-सी किस्म कितनी महंगी हुई

रायपुर। राजधानी रायपुर में आम लोगों की रसोई पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। त्योहारी सीजन से पहले चावल, गेहूं और खाद्य तेलों की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बाजार में मोटे और पतले चावल की कई किस्मों के दाम 5 से 20 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। वहीं राइस ब्रान तेल और सरसों तेल की कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिल रहा है।व्यापारियों का कहना है कि हर साल त्योहारों से पहले खाद्य वस्तुओं की मांग बढ़ने के साथ कीमतों में तेजी आती है। इस बार भी बाजार में कई प्रमुख ब्रांड और किस्मों के चावल महंगे बिक रहे हैं।

राइस ब्रान तेल सोया तेल से भी महंगा

खाद्य तेलों की बात करें तो इस समय राइस ब्रान तेल की कीमत सबसे अधिक बढ़ी है। 800 ग्राम का पाउच, जो पहले लगभग 125 रुपये में मिलता था, अब 130 रुपये में बिक रहा है। इसके हिसाब से एक लीटर राइस ब्रान तेल की कीमत करीब 163 रुपये बैठती है, जबकि सोया तेल लगभग 155 रुपये प्रति लीटर उपलब्ध है। सरसों तेल भी महंगा होकर खुदरा बाजार में 205 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है, जबकि थोक बाजार में इसकी कीमत करीब 194 रुपये बताई जा रही है।

दक्षिण भारत और मध्य प्रदेश से आने वाले चावल हुए महंगे

रायपुर के बाजारों में पतले चावल की आपूर्ति मुख्य रूप से दक्षिण भारत और मध्य प्रदेश से होती है। इन राज्यों से आने वाले चावल की कीमतों में हाल के सप्ताहों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। स्थानीय उत्पादों के दाम भी बढ़े हैं, जिससे उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। सबसे अधिक मांग वाले पतले चावल की किस्मों में 15 से 20 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं मोटे चावल के दाम भी 5 से 10 रुपये तक बढ़े हैं।

जानिए किस चावल की कीमत कितनी बढ़ी

काली मूंछ चावल (सिवनी) – थोक कीमत लगभग 4,500 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 6,000 रुपये तक पहुंची। खुदरा बाजार में करीब 65 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। एचएमटी चावल – पहले 45-48 रुपये प्रति किलो (थोक) था, अब 58 रुपये थोक और 62-65 रुपये खुदरा में उपलब्ध है। अब्बा हुजूर चावल – थोक कीमत 57 रुपये से बढ़कर 73-74 रुपये प्रति किलो हो गई, जबकि खुदरा में करीब 80 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। जय श्री राम चावल – लगभग 20 रुपये प्रति किलो महंगा होकर थोक में 70-75 रुपये और खुदरा में 75-80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया। जवां फूल चावल – थोक कीमत 90 रुपये से बढ़कर 115 रुपये प्रति किलो हो गई है।  

 त्योहारी सीजन में बढ़ सकती हैं और कीमतें

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में चावल और खाद्य तेलों की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट और प्रभावित होने की आशंका है।
 


संबंधित समाचार