दतिया : दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 30 जुलाई को होने वाले मतदान में 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 21 प्रत्याशियों के किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष हो सके इसके लिए शहर भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए है। साथ ही प्रशासन ने मतदाताओं से सुबह से ही मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाने की अपील की है।
संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी
इतना ही नही प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 16 कंपनियां, एसएएफ के जवान, 600 से अधिक पुलिसकर्मी और करीब 200 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। वहीं 28 अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह स्वयं कर सकेंगे मतदान
इस बार होने वाले चुनाव की एक दिलचस्प बात यह भी है कि कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह स्वयं मतदान करेंगे, लेकिन भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव अपना वोट नहीं डाल सकेंगे, क्योंकि दोनों का नाम दतिया विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
शाम 6 बजे तक होगा मतदान
30 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होने वाले दतिया विधानसभा उपचुनाव में 2,20,344 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसमें 1 लाख 16 हजार 116 पुरुष मतदाता और 1 लाख 4 हजार 284 महिला मतदाता एवं 10 अन्य मतदाता शामिल है।
03 अगस्त को आएंगे नतीजे
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी दबाव, भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अब मतदान के बाद 3 अगस्त को होने वाली मतगणना और चुनाव परिणाम पर सभी की निगाहें टिकी हैं।