होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ट्रायल मोड में, 3 दिन में 100 मरीजों का रजिस्ट्रेशन,इलाज रहेगा निःशुल्क

सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ट्रायल मोड में, 3 दिन में 100 मरीजों का रजिस्ट्रेशन,इलाज रहेगा निःशुल्क

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित डिमरापाल में नवनिर्मित सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का संचालन हैदराबाद के कॉन्टिनेंटल ग्रुप द्वारा किया जा रहा है। करीब 240 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह अस्पताल 16 फरवरी से ट्रायल रन पर है। ट्रायल के पहले तीन दिनों में ओपीडी में 100 से अधिक मरीजों का पंजीयन किया गया, जबकि 52 मरीजों की एमआरआई और सीटी स्कैन जांच की गई।

आयुष्मान और बीपीएल मरीजों को मिली मुफ्त सुविधा

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, 52 में से केवल दो मरीजों से एमआरआई शुल्क लिया गया, जबकि शेष 50 मरीजों की जांच आयुष्मान कार्ड और बीपीएल श्रेणी के तहत निःशुल्क की गई। इसके साथ ही ओपीडी पंजीयन भी पूरी तरह मुफ्त रखा गया है।

एमओयू के बाद भी संचालन में देरी

बताया जा रहा है कि कॉन्टिनेंटल ग्रुप ने सितंबर माह में शासन के साथ अस्पताल संचालन को लेकर एमओयू किया था। समझौते के तहत छह माह के भीतर अस्पताल शुरू कर सेवाएं उपलब्ध करानी थीं, लेकिन अब तक पूर्ण संचालन शुरू नहीं हो सका है। प्रबंधन की ओर से ओपीडी को निःशुल्क और अन्य सेवाओं को सरकारी दरों पर कैशलेस करने की बात कही जा रही है।

विशेषज्ञ विभागों की तैयारी जारी

सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के एचओडी प्रभारी इंद्रजीत साहा ने बताया कि 240 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी और गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी जैसे विशेषज्ञ विभागों की स्थापना और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। सभी विभागों के आवश्यक रजिस्ट्रेशन और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ओपीडी, आईसीयू, इमरजेंसी और डायग्नोस्टिक सेवाओं की तकनीकी सुविधाएं पूरी तरह बहाल की जाएंगी।

एक अप्रैल से नियमित शुरुआत की संभावना

मेकाज के डीन डॉ. प्रदीप बेक और सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. टीकू सिन्हा ने बताया कि गठित टीम की बैठक के बाद अस्पताल को एक अप्रैल से नियमित रूप से शुरू किए जाने की संभावना है। हालांकि, डीन ने यह भी स्पष्ट किया कि कॉन्टिनेंटल ग्रुप की ओर से अब तक डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्टाफ की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।


संबंधित समाचार