CGBSE Board Exam 2026 रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) की बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत आज 20 फरवरी से हो रही है। सबसे पहले 12वीं कक्षा की परीक्षा आयोजित की जा रही है, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से प्रारंभ होंगी। प्रदेशभर में परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आज 12वीं के विद्यार्थी देंगे भूगोल और भौतिक शास्त्र का पेपर:
बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राएं आज भूगोल और भौतिक शास्त्र का प्रश्नपत्र हल करेंगे। वहीं 10वीं के विद्यार्थी कल हिंदी विषय की परीक्षा देंगे। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थियों को 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है। प्रदेश में इस वर्ष कुल 2514 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पिछले साल यह संख्या 2523 थी। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के लिए उड़नदस्ता दल तैनात किए गए हैं।
12वीं में 2.46 लाख, 10वीं में 3.21 लाख छात्र शामिल:
इस वर्ष 10वीं की परीक्षा में 3,21,489 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं, जबकि 12वीं में 2,46,098 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। छात्र संख्या के आधार पर राजधानी रायपुर में 10वीं: 27,528 विद्यार्थी और 12वीं: 21,490 विद्यार्थी शीर्ष पर है। वहीं सबसे कम परीक्षार्थी नारायणपुर जिले में 10वीं: 1,547 विद्यार्थी व 12वीं: 1,368 विद्यार्थी हैं।
राजधानी में 10 उड़नदस्ता टीमें गठित:
रायपुर में जिला प्रशासन के सहयोग से 10 उड़नदस्ता टीमें गठित की गई हैं। इनमें शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ एसडीएम स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं। प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा को तनाव के बजाय उत्सव की तरह लें।
पहली बार फरवरी में शुरू हुई बोर्ड परीक्षा:
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस वर्ष से बोर्ड परीक्षाएं फरवरी माह में शुरू करने का निर्णय लिया है। पहले परीक्षाएं मार्च के पहले सप्ताह से प्रारंभ होती थीं। वर्ष में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित करने की नई व्यवस्था के तहत यह बदलाव किया गया है। जो विद्यार्थी मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो पाएंगे, उन्हें दूसरा अवसर भी दिया जाएगा। कक्षा 10वीं: प्रमुख जिलों में परीक्षार्थियों की संख्या रायपुर – 27,528, बिलासपुर – 22,435, दुर्ग – 16,738, बलौदाबाजार – 16,230, जांजगीर-चांपा – 13,540, महासमुंद – 12,851, कोरबा – 12,686, रायगढ़ – 12,237, बेमेतरा – 12,169, कबीरधाम – 12,168 है। सबसे कम नारायणपुर – 1,547, सुकमा – 2,047, बीजापुर – 2,453 में है।
कक्षा 12वीं में जिलेवार परीक्षार्थियों की संख्या:
प्रदेश के प्रमुख जिलों में कक्षा 12वीं परीक्षार्थियों की संख्या रायपुर – 21,490, बिलासपुर – 15,312, दुर्ग – 13,564, बलौदाबाजार – 11,467, महासमुंद – 10,664, जांजगीर-चांपा – 10,252, और सबसे कम नारायणपुर – 1,368, सुकमा – 1,434, बीजापुर – 1,721 विद्यार्थी हैं।
परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त:
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्र अनिवार्य किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम निगरानी रखेगी। नकल रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। CGBSE Board Exam 2026 के तहत प्रदेशभर में लाखों विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। राजधानी रायपुर में सर्वाधिक और नारायणपुर में न्यूनतम परीक्षार्थी दर्ज किए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत छात्रों को वर्ष में दो बार परीक्षा देने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके परिणाम सुधारने की संभावनाएं बढ़ेंगी।