रायपुर के प्रतिष्ठित माधव राव सप्रे स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर बुधवार को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। कला और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों को स्कूल प्रशासन द्वारा यह कहे जाने के बाद कि इन विषयों के लिए शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, छात्रों में नाराजगी फैल गई। इसके विरोध में छात्र पहले स्कूल परिसर में धरने पर बैठे और बाद में कलेक्टोरेट पहुंचकर अपनी पढ़ाई जारी रखने की मांग की। छात्रों का कहना था कि वे वर्षों से इसी विद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं और अब अचानक उन्हें अन्य स्कूलों में प्रवेश लेने के लिए कहना अनुचित है।
11वीं तक इसी स्कूल में पढ़े, अब दूसरे स्कूल जाने का दबाव
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि अधिकांश विद्यार्थियों ने 11वीं कक्षा तक की पढ़ाई इसी विद्यालय से की है। हाल ही में शाला प्रवेशोत्सव के दौरान उनका स्वागत भी किया गया था, लेकिन अगले ही दिन उन्हें बताया गया कि हिंदी माध्यम में कला और कॉमर्स विषयों के लिए शिक्षक नहीं हैं। ऐसे में उन्हें ट्रांसफर सर्टिफिकेट लेकर किसी अन्य स्कूल में प्रवेश लेने की सलाह दी गई।
हिंदी माध्यम में शिक्षकों की भारी कमी
विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम के सभी संकायों के लिए शिक्षक उपलब्ध हैं, जबकि हिंदी माध्यम में केवल गणित और जीवविज्ञान विषयों के शिक्षक हैं। हिंदी माध्यम में कला संकाय के 27 और वाणिज्य संकाय के 28 छात्र अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों का आरोप है कि पिछले वर्ष भी उन्हें शिक्षकों की नियुक्ति के लिए कई महीनों तक इंतजार करना पड़ा था, जिससे पढ़ाई प्रभावित हुई थी।
स्कूल प्रबंधन ने पहले ही भेजे थे पत्र
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि शिक्षकों की नियुक्ति के लिए जिला शिक्षा कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं। पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं होने के कारण छात्रों को अन्यत्र प्रवेश लेने की सलाह दी गई थी। मामले के तूल पकड़ने के बाद एनएसयूआई भी छात्रों के समर्थन में मैदान में उतर आई और विद्यार्थियों के साथ कलेक्टोरेट पहुंची।
डीईओ ने दिया भरोसा, पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित
प्रदर्शन के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी एम.जी. सतीश कुमार ने छात्रों से मुलाकात कर आश्वासन दिया कि किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कलेक्टर या डीएम फंड से संसाधन उपलब्ध कराकर शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्रों का प्रदर्शन समाप्त हुआ।