भोपाल : मप्र के 71वां स्थापना दिवस को लेकर राजधानी भोपाल में तैयारियां जहां जोरों शोरों से जारी है। तो वही इस बार राज्यस्तरीय 'राज्योत्सव' का आयोजन शहर के लाल परेड ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक होने जा रहा है। जिसका शुभारंभ 1 नवंबर को सीएम मोहन करेंगे। पहले दिन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता गायिका मोनाली ठाकुर अपनी प्रस्तुति देंगी, जबकि अंतिम दिन राजस्थान के प्रसिद्ध लोक गायक मामे खान की गायिकी के साथ समारोह का समापन होगा।
'विरासत से विकास' की थीम पर आयोजित होगा कार्यक्रम
'विरासत से विकास' की थीम पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सीएम मोहन किसानों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। राज्योत्सव के दौरान किसानों के लिए विशेष सम्मान समारोह रखा गया है। किसान स्वाभिमान पर्व क्विज के 165 विजेताओं को 55 ट्रैक्टर दिए जाएंगे। इसके अलावा किसानों को 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, 102 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के रूप में एक-एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
71 बच्चे सामूहिक रूप से 'वंदे मातरम्' गाएंगे
इस दौरान कार्यक्रम में 71 बच्चे सामूहिक रूप से 'वंदे मातरम्' गाएंगे। पुलिस बैंड की प्रस्तुति और आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साथ ही आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, देशभक्ति की प्रस्तुतियों, कृषि प्रदर्शनी और सम्मान समारोह समेत कई कार्यक्रम होंगे।
20 से अधिक लोक एवं जनजातीय नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे
2 नवंबर को 20 से अधिक लोक एवं जनजातीय नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे, जो प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएंगे। वहीं, 3 नवंबर को प्रसिद्ध लोक गायक मामे खान अपनी गायकी से समां बांधेंगे। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन मध्य प्रदेश की संस्कृति, प्रतिभा और विकास की उपलब्धियों का उत्सव बनेगा।