रायपुर। छत्तीसगढ़ के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए अगस्त का महीना अतिरिक्त खर्च लेकर आने वाला है। राज्य में जुलाई 2026 से नया बिजली टैरिफ लागू हो चुका है, जिसके कारण अगस्त में जारी होने वाले जुलाई माह के बिजली बिल पहले की तुलना में अधिक होंगे। नए टैरिफ के तहत घरेलू, व्यावसायिक, कृषि और औद्योगिक सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं की बिजली दरों में वृद्धि की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी की याचिका पर राज्य विद्युत नियामक आयोग ने संशोधित बिजली दरों को मंजूरी दी है। इसके बाद सभी उपभोक्ताओं के बिल नई दरों के अनुसार तैयार किए जा रहे हैं।
घरेलू उपभोक्ताओं को देना होगा अधिक भुगतान
नए टैरिफ के तहत घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है। इसका सीधा असर अगस्त में मिलने वाले बिजली बिल पर दिखाई देगा। अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में ज्यादा राशि चुकानी होगी।
व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर भी बढ़ा बोझ
गैर-घरेलू यानी व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए भी बिजली दरों में 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है। नई दरें 100 यूनिट तक: ₹6.30 से बढ़ाकर ₹6.50 प्रति यूनिट, 101 से 400 यूनिट: ₹7.30 से बढ़ाकर ₹7.60 प्रति यूनिट, 401 यूनिट से अधिक: ₹8.70 से बढ़ाकर ₹9.10 प्रति यूनिट हैं।
कृषि क्षेत्र की बिजली भी हुई महंगी
कृषि उपभोक्ताओं के लिए भी बिजली दरों में इजाफा किया गया है।
कृषि उपभोक्ता: ₹5.80 से बढ़ाकर ₹6.20 प्रति यूनिट
कृषि कार्य (25 HP तक): ₹5.80 से बढ़ाकर ₹6.10 प्रति यूनिट
25 से 150 HP कनेक्शन: ₹6.35 से बढ़ाकर ₹6.65 प्रति यूनिट
इस बढ़ोतरी का असर किसानों की सिंचाई लागत पर भी पड़ सकता है।
उद्योगों को भी झटका
औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी बिजली दरों में संशोधन किया गया है। 25 HP तक निम्नदाब उद्योग: ₹5.05 से बढ़ाकर ₹5.35 प्रति यूनिट, 25 HP से अधिक: ₹6.80 से बढ़ाकर ₹7.10 प्रति यूनिट है। इसके अलावा सरगुजा और बस्तर विकास प्राधिकरण क्षेत्र के उद्योगों की बिजली दरों में भी 30 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है।
एचटी और रेलवे उपभोक्ताओं के लिए नई दरें
उच्चदाब (HT) उपभोक्ताओं और रेलवे के लिए भी नई दरें लागू कर दी गई हैं।
रेलवे: ₹5.55 से बढ़ाकर ₹5.90 प्रति यूनिट
220 केवी उपभोक्ता: ₹6.95 से बढ़ाकर ₹7.25 प्रति यूनिट
132 केवी उद्योग: ₹7.10 से बढ़ाकर ₹7.40 प्रति यूनिट
33 केवी उपभोक्ता: ₹7.50 से बढ़ाकर ₹7.80 प्रति यूनिट
अगस्त के बिल में दिखेगा सीधा असर
जुलाई से नया टैरिफ प्रभावी होने के कारण अगस्त में जारी होने वाले बिजली बिल नई दरों के आधार पर तैयार किए जा रहे हैं। ऐसे में घरेलू, कृषि, व्यावसायिक और औद्योगिक सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक राशि का भुगतान करना पड़ सकता है।