बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बार फिर विवादों में घिरे हुए हैं। इसी बीच शिल्पा ने अपने मशहूर रेस्टोरेंट ‘बैस्टियन बांद्रा’ को स्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है। यह खबर ऐसे समय आई है जब हाल ही में कपल पर ₹60 करोड़ की धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
"एक युग का अंत है" – शिल्पा शेट्टी
शिल्पा ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा,
"इस गुरुवार एक युग का अंत है। हम बैस्टियन बांद्रा को अलविदा कह रहे हैं—एक ऐसी जगह जिसने हमें अनगिनत यादें दीं, अनोखी रातें और ऐसे पल जो मुंबई की नाइटलाइफ का हिस्सा बन चुके थे।"
'बैस्टियन एट द टॉप' रहेगा चालू
हालांकि शिल्पा ने यह भी साफ किया कि बैस्टियन की दूसरी ब्रांच ‘बैस्टियन एट द टॉप’ पहले की तरह कार्यरत रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि बैस्टियन बांद्रा की अंतिम रात को एक खास आयोजन के रूप में मनाया जाएगा। "हम एक खास शाम का आयोजन कर रहे हैं — हमारे करीबी मेहमानों के लिए एक यादगार रात, जिसमें वही जादू और जोश होगा," उन्होंने लिखा।
धोखाधड़ी के आरोपों के बीच आया फैसला
गौरतलब है कि हाल ही में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर ₹60 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं, जिससे वे एक बार फिर कानूनी विवादों में फंस गए हैं। ऐसे समय पर यह रेस्टोरेंट बंद करने का फैसला सुर्खियों में आ गया है।