निवाड़ी : मध्यप्रदेश की प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा के रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहल की है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विन वैष्णव को पत्र लिखकर स्टेशन के विकास और यात्रियों सुविधाएं बढ़ाने के लिए सुझाव दिए हैं।
बढ़ती भीड़, सुविधाओं की कमी
सिंधिया ने अपने पत्र में लिखा है कि ओरछा एक ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। हालांकि, वर्तमान में स्टेशन की सुविधाएं और संचालन क्षमता यात्रियों की बढ़ती संख्या के मुकाबले पर्याप्त नहीं हैं, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
दिए ये सुझाव
झांसी स्टेशन का दबाव कम करने के लिए ओरछा में पिट लाइन बनाने की संभावनाओं का अध्ययन, ट्रेनों के संचालन को बेहतर बनाने के लिए स्टॉपेज चेंजिंग प्वाइंट विकसित करना, धार्मिक आयोजनों के दौरान विशेष ट्रेनों के संचालन पर विचार, यात्रियों की सुविधा के लिए अलग आरक्षण काउंटर की स्थापना, प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर शेड निर्माण और स्टेशन का नामकरण महाराजा मधुकर शाह के नाम पर करने का प्रस्ताव
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सिंधिया ने कहा कि इन सुझावों पर अमल होने से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन को भी लाभ मिलेगा और स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मांगें भी पूरी हो सकेंगी। साथ ही केंद्रीय मंत्री ने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि इस विषय पर निर्णय लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और कार्रवाई से उन्हें अवगत कराया जाए।