Kubereshwar Dham Rudraksha Mahotsav : सीहोर स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में इस साल भी रुद्राक्ष महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शिव महापुराण कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में यह धार्मिक आयोजन 14 फरवरी से शुरू होगा जो 20 फरवरी तक चलेगा। इस बार महोत्सव को विशेष बनाते हुए पर्यावरण संरक्षण की थीम पर ‘ग्रीन शिवरात्रि’ मनाई जाएगी।
किए जाएंगे 1 करोड़ पौधे रोपण
महोत्सव के तहत महाशिवरात्रि के अवसर पर देश और विदेश में एक साथ करीब एक करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा। पर्यावरण जागरूकता को समर्पित इस पहल में लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता की उम्मीद है। आयोजकों के अनुसार, सीहोर में ही 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं
रुद्राक्ष महोत्सव में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा सीहोर के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर कुबेरेश्वर धाम परिसर में 256 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए कुबेरेश्वर धाम से रेलवे स्टेशन तक 18 से अधिक अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कुबेरेश्वर धाम
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुबेरेश्वर धाम में 1 लाख 80 हजार वर्गफुट क्षेत्र में विशाल पक्का पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें एक साथ करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु बैठ सकेंगे। इसके अलावा मात्र 5 रुपये में एक लीटर पानी की बोतल उपलब्ध कराई जाएगी। भोजन व्यवस्था के लिए 10 एकड़ में विशाल भोजनशाला बनाई गई है। आयोजकों का दावा है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।