रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नकली शराब कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक और बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने नकली शराब प्रकरण के फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए ₹10,000 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के बारे में सटीक सूचना देने या उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
8 जून को हुआ था नकली शराब गिरोह का खुलासा
गौरतलब है कि 8 जून 2026 की रात रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में संचालित नकली शराब के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। छापेमारी के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, फर्जी लेबल, नकली होलोग्राम, ढक्कन और शराब निर्माण में उपयोग होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था।
सुभाष पटेल गिरफ्तार, विनय सिंह अब भी फरार
पुलिस जांच के दौरान 10 जून को आरोपी सुभाष पटेल को उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण किया जाता था और उसमें स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाई जाती थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि शराब का रंग हल्का पड़ने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप दिया जाता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम के बर्तन और बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें भी बरामद की थीं।
आरोपी के घर चस्पा किया गया नोटिस
मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है। 17 जून को पुलिस टीम जब उसके विकास नगर स्थित निवास पर पहुंची तो मकान बंद मिला। आसपास के लोगों ने भी बताया कि आरोपी और उसके परिवार के सदस्य कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार मकान पर नोटिस चस्पा करते हुए आरोपी को तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने का निर्देश दिया।
संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया शुरू
पुलिस अब आरोपी की चल और अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाने में लगी है। इस संबंध में जिला प्रशासन और पंजीयन विभाग को पत्र भेजकर संपत्तियों का विवरण मांगा गया है। जानकारी प्राप्त होने के बाद न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर आरोपी की संपत्ति कुर्क कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
SSP ने जनता से मांगा सहयोग
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संगठित अपराध और अवैध कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर के बारे में किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और उपयोगी सूचना पर ₹10,000 का पुरस्कार दिया जाएगा।
आरोपी का विवरण
नाम – विनय सिंह ठाकुर
पिता – गजराज सिंह ठाकुर
निवासी – विकास नगर, गली नंबर-03, कोतरारोड़, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़)
संपर्क नंबर
पुलिस ने आरोपी के संबंध में सूचना देने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों और नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर जारी किए हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर संबंधित पुलिस अधिकारियों या थाना कोतरारोड़ से संपर्क किया जा सकता है।