सतना ::मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद क्षेत्र अंतर्गत हरदुआ विद्युत उपकेंद्र में उस समय भारी हड़कंप मच गया, जब एक आउटसोर्स ऑपरेटर अजय वर्मा नौकरी से निकाले जाने के विरोध में चालू विद्युत लाइन के पोल पर चढ़ गया। इतना ही नहीं पीड़ित कर्मचारी ने अपनी मांगें पूरी न होने पर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी दी है। जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मानदेय में कटौती का किया था विरोध
बता दें कि कुछ दिन पहले अजय वर्मा सहित कुछ लोगों ने आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में की गई कटौती के चलते अधिकारियों के विरोध में प्रदर्शन किया था। जिससे नाराज अधिकारियों ने आउटसोर्स कर्मचारियों ने खिलाफ एक्शन लेते हुए कई लोगों को सेवा से हटा दिया। तो कुछ को दूरदराज के क्षेत्रों में ट्रांसफर कर दिया गया है।
चालू लाइन पर चढ़ा युवक
इसी कार्रवाई के विरोध में वह सबस्टेशन की चालू लाइन पर चढ़ा और अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर जान देने की धमकी देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। नागौद पुलिस भी मौके पर पहुंची और कर्मचारी को सुरक्षित नीचे उतारने तथा स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए। लगभग एक घंटे तक चला यह घटनाक्रम अधिकारियों की समझाइश के बाद समाप्त हो गया। अजय वर्मा को वापस नौकरी में रखे जाने की बात कही गई है। जिसके बाद कर्मचारी पोल से नीचे उतरा।