होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

राजधानी में खौफनाक घटनाएं: 12 घंटे में 3 शव मिलने से सनसनी

राजधानी में खौफनाक घटनाएं: 12 घंटे में 3 शव मिलने से सनसनी

राजधानी रायपुर में बीते 12 घंटों के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों से शव बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई है। खमतराई और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों में सामने आए इन मामलों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। शुरुआती जांच में घटनाओं को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मृतकों की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

WRS कॉलोनी के मैदान में मिला खून से सना शव

खमतराई थाना क्षेत्र की WRS कॉलोनी स्थित एक खुले मैदान में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं। घटनास्थल पर खून के निशान भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या किसी भारी वस्तु से हमला कर की गई है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस को उसके हाथ पर "RK सारथी" नाम का टैटू मिला है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।

मेटल पार्क क्षेत्र में मिला सड़ा-गला शव

खमतराई इलाके के मेटल पार्क में भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार शव कई दिनों पुराना प्रतीत होता है और काफी हद तक सड़-गल चुका है। मृतक के शरीर पर "चांदनी" नाम का टैटू मिला है। शव की हालत को देखते हुए पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है।

भाठागांव में सड़क किनारे मिला तीसरा शव

तीसरी घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव इलाके की है, जहां रिंग रोड के किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान और मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

लगातार तीन शव मिलने की घटनाओं के बाद रायपुर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। शवों की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या सहित अन्य संभावित एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


संबंधित समाचार