जबलपुर : जबलपुर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय जेल में हर साल की तरह इस साल भी रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। जिसको लेकर प्रशासन ने तैयारी जहां शुरू कर दी है। तो वही मुलाकात को लेकर भी सख्त नियम और समय-सारणी तय की गई है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था के बीच भाई बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक पर्व रक्षाबंधन को मनाया जा सके।
मुलाकात के लिए मिलेगा 15 मिनट का समय
मुलाकात के लिए परिजनों को 15 मिनट का समय दिया जाएगा। जिसके लिए रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। जिसके लिए सुबह 6 बजे से सुबह 11 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। रजिस्ट्रेशन के लिए परिजनों को अपने साथ आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड जैसे वैध सरकारी पहचान पत्र लाना अनिवार्य है।
जेल प्रांगण में होगी खुली मुलाकात
इतना ही नहीं जेल में बंद पुरुष कैदियों से मुलाकात जेल के खुली जेल प्रांगण में होगी। तो वही महिला कैदियों के लिए जेल के मुख्य कार्यालय परिसर में बने पृथक वॉर्ड में व्यवस्था करवाई जाएगी। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत जेल में बंद बंदियों से उनके परिजन सीधे नहीं मिल सकेंगे। इसके लिए उन्हें पहले कलेक्टर से लिखित अनुमति प्राप्त करनी होगी।
जेल के अंदर क्या ले जा सकेंगे
परिजन अपने साथ अधिकतम 500 ग्राम मिठाई, आधा किलो सेब, आधा किलो केला, रूमाल, रक्षासूत्र और कुमकुम ही ले जा सकेंगे, साथ ही भाई का मुंह मीठा कराने के लिए जेल कैंटीन के समोसे अंदर ले जाने की विशेष छूट दी गई है।
इन चीजों को ले जाने पर रहेगी मनाही
जेल परिसर के भीतर पर्स, नगद रुपए, मोबाइल फोन, गुटखा, तंबाकू, बीड़ी-सिगरेट, भोजन या घर से लाई गई किसी भी अन्य अतिरिक्त सामग्री को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। तो वही सुरक्षा को देखते हुए जेल के मुख्य द्वार पर सुरक्षाकर्मियों द्वारा परिजनों की सघन तलाशी भी ली जाएगी।