रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट में एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। हाल ही में थाना प्रभारियों के तबादलों के बाद अब डीसीपी स्तर पर भी नई पदस्थापनाएं की गई हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने थाना प्रभारियों की नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं, जबकि गृह विभाग ने उप पुलिस आयुक्त (डीसीपी) स्तर के अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों की सूची जारी की है। माना जा रहा है कि इन बदलावों से पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
थाना प्रभारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
जारी आदेश के मुताबिक, कोतवाली थाना प्रभारी सतीश गहरवार को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं राजेश सिंह को आजाद चौक थाना प्रभारी, परस पटेल को सरस्वती नगर थाना प्रभारी और नरेंद्र साहू को गुढ़ियारी थाना प्रभारी बनाया गया है। नई नियुक्तियों के साथ संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने थानों की जिम्मेदारी संभालने की तैयारी शुरू कर दी है।
डीसीपी स्तर पर भी हुआ फेरबदल
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी स्तर पर भी नई तैनातियां की गई हैं। दीपमाला कश्यप को रायपुर उत्तर जोन का डीसीपी नियुक्त किया गया है। वहीं तारकेश्वर पटेल को रायपुर मध्य जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अर्चना झा को यातायात एवं प्रोटोकॉल डीसीपी बनाया गया है। पुलिस विभाग का मानना है कि इन नई नियुक्तियों से कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।