धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस प्रशासन में नेतृत्व परिवर्तन हो गया है। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की अधिकारी भावना पांडेय ने सोमवार को जिले की नई पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में पदभार संभाल लिया। वहीं निवर्तमान एसपी सूरज सिंह परिहार को अधिकारियों और कर्मचारियों ने सम्मानपूर्वक विदाई दी।
विदाई समारोह में कार्यकाल की सराहना
एसपी सूरज सिंह परिहार के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में कलेक्टर अविनाश मिश्रा, डीएफओ कृष्ण जाधव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कहा कि परिहार के कार्यकाल में धमतरी पुलिस ने कई चर्चित मामलों का सफल खुलासा किया। इनमें ट्रिपल मर्डर केस और बरड़िया ज्वैलर्स गोलीकांड प्रमुख रहे। इसके अलावा नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों की भी सराहना की गई।
पदभार संभालते ही नई SP ने बताईं प्राथमिकताएं
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नई एसपी भावना पांडेय ने जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, मजबूत कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, त्वरित कार्रवाई और जनता के विश्वास पर आधारित पुलिसिंग उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
कार्यालय का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश
पदभार संभालने के बाद भावना पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने, कार्यालयीन अनुशासन बनाए रखने तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान किया जाए और जनसहभागिता पर आधारित पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाया जाए।
नए नेतृत्व से नई उम्मीदें
धमतरी पुलिस के लिए सोमवार का दिन एक ओर सफल कार्यकाल को विदाई देने का अवसर रहा, तो दूसरी ओर नए नेतृत्व के साथ नई कार्यशैली और जनहित केंद्रित पुलिसिंग की शुरुआत का भी प्रतीक बना। उम्मीद की जा रही है कि नए नेतृत्व में जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।