नई दिल्ली। रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) और केमिकल एंड मेटालर्जिकल असिस्टेंट (CMA) सहित कई तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए संक्षिप्त अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत 4,098 रिक्त पदों को भरा जाएगा।
रेलवे बोर्ड जल्द ही CEN 04/2026 के तहत विस्तृत नोटिफिकेशन जारी करेगा, जिसमें पदवार रिक्तियां, शैक्षणिक योग्यता, चयन प्रक्रिया और परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारी दी जाएगी।
14 अगस्त से शुरू हो सकते हैं आवेदन
भर्ती बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू होने की संभावना है। उम्मीदवार 13 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
शैक्षणिक योग्यता संबंधित पद के अनुसार अलग-अलग होगी। इसका पूरा विवरण विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद उपलब्ध कराया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया
आवेदन शुरू होने के बाद उम्मीदवार निम्न प्रक्रिया अपनाकर फॉर्म भर सकेंगे—
RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
CEN 04/2026 Recruitment लिंक खोलें।
नया रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन बनाएं।
आवेदन फॉर्म में सभी जरूरी जानकारी दर्ज करें।
आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें।
भविष्य के लिए आवेदन का प्रिंट सुरक्षित रखें।