रायपुर: छत्तीसगढ़ में इस वर्ष के अंत में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। राज्य सरकार ने दिसंबर 2026 में कार्यकाल पूरा कर रहे 15 नगरीय निकायों में वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश संबंधित जिलों के कलेक्टरों को जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही दो नवगठित नगर पंचायतों में भी चुनाव संबंधी तैयारियां आगे बढ़ाई जा रही हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग में हुई समीक्षा बैठक
नवा रायपुर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही कार्यवाहियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 10 जिलों के कलेक्टरों को पत्र जारी कर नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के वार्डों का आरक्षण निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर करेंगे वार्डों का निर्धारण
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले के कलेक्टर अपने-अपने निकायों में वार्डों की संख्या निर्धारित करेंगे। इसके बाद आरक्षण प्रक्रिया पूरी कर विस्तृत प्रस्ताव संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को भेजा जाएगा। विभाग ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराने की बात कही है।
महापौर और अध्यक्ष पदों का आरक्षण पूरा
बैठक में विभाग की सचिव आर. संगीता ने जानकारी दी कि 15 नगरीय निकायों में महापौर एवं अध्यक्ष पदों का आरक्षण पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब वार्ड पार्षदों के आरक्षण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि नवगठित नगर पंचायत तमनार में वार्ड आरक्षण का कार्य जारी है, जबकि बड़ी करेली में वार्ड परिसीमन और आरक्षण दोनों प्रक्रियाएं प्रगति पर हैं। इसके अलावा दो वार्ड पार्षद पदों पर आकस्मिक रिक्तियों की जानकारी भी आयोग को दी गई।
आरक्षण की जिम्मेदारी कलेक्टरों को
सरकार ने संबंधित जिलों के कलेक्टरों को वार्ड आरक्षण के लिए "विहित प्राधिकारी" नियुक्त किया है। उन्हें छत्तीसगढ़ नगर पालिका (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण) नियम, 1994 के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पूरी प्रक्रिया संपन्न करनी होगी।
इन 15 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव
दिसंबर 2026 में जिन निकायों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें नगर निगम में बीरगांव, दुर्ग, रिसाली, भिलाई-चरौदा शामिल हैं। नगर पालिका परिषद में जामुल, खैरागढ़, सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा। नगर पंचायत में मारो, प्रेमनगर, नरहरपुर, कोण्टा, भैरमगढ़, भोपालपट्टनम शामिल है। इसके अलावा नवगठित नगर पंचायत तमनार और बड़ी करेली में भी चुनावी प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई जारी है।
चुनावी तैयारियां तेज
वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां अब औपचारिक रूप से गति पकड़ चुकी हैं। प्रशासनिक स्तर पर आरक्षण, परिसीमन और निर्वाचन संबंधी अन्य प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वर्ष के अंत में प्रस्तावित चुनाव निर्धारित समय पर संपन्न कराए जा सकें।