होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

पीएम मोदी ने लॉन्च किया 'नशा मुक्त युवा' अभियान, 1 करोड़ युवाओं ने विकसित भारत का लिया संकल्प

पीएम मोदी ने लॉन्च किया 'नशा मुक्त युवा' अभियान, 1 करोड़ युवाओं ने विकसित भारत का लिया संकल्प

नई दिल्ली। देश में युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर के 28 हजार से अधिक केंद्रों से जुड़े 1 करोड़ से ज्यादा युवाओं ने भाग लिया और नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसका युवा वर्ग होता है। यदि युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा। उन्होंने युवाओं से नशे और ड्रग्स जैसी बुरी आदतों से दूर रहने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया।

हर रविवार चलेगा जनजागरूकता अभियान

सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह अभियान MY Bharat के युवा स्वयंसेवकों के नेतृत्व में पूरे देश में जनभागीदारी के रूप में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक रविवार अलग-अलग सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नशे के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक वातावरण तैयार किया जा सके।

खेल, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ेगा युवा वर्ग

अभियान को केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी की गई है। इसके अंतर्गत खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, योग एवं ध्यान सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नुक्कड़ नाटक, समूह चर्चा, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

बेहतरीन कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

अभियान के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों, संस्थाओं और संगठनों को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही नशा मुक्त भारत का लक्ष्य तेजी से हासिल किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री ने युवाओं से की सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को इस अभियान से जोड़ने और सामाजिक बदलाव का माध्यम बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब युवा आगे बढ़कर इस अभियान का नेतृत्व करेंगे, तब देश एक स्वस्थ, जागरूक और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
 


संबंधित समाचार