होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

PM CARES Fund: एक साल में 1,279 करोड़ बढ़ा फंड, खर्च सिर्फ 87.85 लाख रुपये; ऑडिट रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

PM CARES Fund: एक साल में 1,279 करोड़ बढ़ा फंड, खर्च सिर्फ 87.85 लाख रुपये; ऑडिट रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

PM CARES Fund: देश में आपातकालीन परिस्थितियों और संकट के समय मदद के लिए बनाए गए PM CARES Fund की वित्तीय स्थिति से जुड़े ताजा ऑडिट आंकड़े सामने आए हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में फंड की कुल राशि में 1,279 करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई। खास बात यह है कि इस दौरान कोष से किया गया कुल खर्च 1 करोड़ रुपये से भी कम रहा।

ऑडिट आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू दान, विदेशी योगदान, बैंक जमा पर मिलने वाला ब्याज और विभिन्न एजेंसियों से प्राप्त रिफंड फंड की आय के प्रमुख स्रोत रहे। इन आमदनियों के मुकाबले खर्च बेहद सीमित रहने से वित्त वर्ष के अंत में PM CARES Fund का बैलेंस बढ़कर 8,452.07 करोड़ रुपये हो गया।

2024-25 की शुरुआत में 7,173 करोड़ था बैलेंस

ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 की शुरुआत यानी 1 अप्रैल 2024 को PM CARES Fund में 7,173.03 करोड़ रुपये का ओपनिंग बैलेंस था। पूरे वित्त वर्ष के दौरान फंड को अलग-अलग स्रोतों से कुल 1,279.91 करोड़ रुपये की आमदनी हुई। दूसरी ओर, विभिन्न मदों में कुल खर्च सिर्फ 87.85 लाख रुपये रहा। आमदनी और सीमित खर्च के बाद 31 मार्च 2025 को वित्त वर्ष समाप्त होने पर फंड का क्लोजिंग बैलेंस बढ़कर 8,452.07 करोड़ रुपये पहुंच गया।

FD से मिला 469 करोड़ रुपये का ब्याज

PM CARES Fund की आय में बैंक जमा से मिलने वाले ब्याज की भी अहम भूमिका रही। रिपोर्ट के मुताबिक, शेड्यूल्ड बैंकों में रखे फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से वित्त वर्ष 2024-25 में 469.38 करोड़ रुपये की ब्याज आय हुई।

इसके अलावा सेविंग्स बैंक अकाउंट में जमा राशि पर 5.77 करोड़ रुपये का ब्याज प्राप्त हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, फंड की बड़ी राशि सुरक्षित निवेश के तौर पर फिक्स्ड डिपॉजिट में रखी गई है। 31 मार्च 2025 तक करीब 7,846.66 करोड़ रुपये की राशि फिक्स्ड डिपॉजिट में थी।

घरेलू दान से मिले 479 करोड़ रुपये

वित्त वर्ष 2024-25 में PM CARES Fund को घरेलू स्रोतों से भी बड़ी रकम प्राप्त हुई। ऑडिट आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान 479.04 करोड़ रुपये का घरेलू दान फंड में आया। वहीं, विदेशी स्रोतों से प्राप्त योगदान करीब 92.83 लाख रुपये रहा। इस तरह दान भी फंड की कुल आमदनी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।

सरकारी एजेंसियों से 324 करोड़ रुपये का रिफंड

फंड में बड़ी रकम विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों से अप्रयुक्त राशि के रिफंड के तौर पर भी वापस आई। वित्त वर्ष के दौरान ऐसी एजेंसियों से 324.66 करोड़ रुपये वापस मिले। इसके अलावा फिक्स्ड डिपॉजिट पर काटे गए TDS के रिफंड के रूप में भी फंड को 13.49 लाख रुपये प्राप्त हुए।

खर्च के मुकाबले आय काफी ज्यादा

आंकड़ों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2024-25 में PM CARES Fund की आय और खर्च के बीच बड़ा अंतर रहा। जहां फंड में 1,279.91 करोड़ रुपये की आमदनी हुई, वहीं कुल व्यय सिर्फ 87.85 लाख रुपये रहा। इसी वजह से वित्त वर्ष के अंत में कोष का बैलेंस शुरुआती राशि की तुलना में काफी बढ़ गया। बैंक जमा पर मिलने वाला ब्याज भी फंड के वित्तीय आकार में बढ़ोतरी का एक प्रमुख कारण रहा।


संबंधित समाचार