होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

NEET Re-Exam 2026: रायपुर के 25 केंद्रों में होगी परीक्षा, 9,600 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, जनरेटर की विशेष व्यवस्था

NEET Re-Exam 2026: रायपुर के 25 केंद्रों में होगी परीक्षा, 9,600 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, जनरेटर की विशेष व्यवस्था

NEET Re-Exam 2026 Raipur: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के पुनर्परीक्षा आयोजन को लेकर रायपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पेपर लीक मामले के बाद 21 जून को आयोजित होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए जिले में 25 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां लगभग 9,600 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्री-मानसून गतिविधियों और संभावित बिजली बाधा को देखते हुए प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर जनरेटर (डीजी सेट) की व्यवस्था अनिवार्य कर दी है। इसके साथ ही पेयजल, साफ-सफाई, पंखे, पार्किंग, वॉशरूम और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

कलेक्टर ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों और केंद्राध्यक्षों को परीक्षा संचालन से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर फर्नीचर, बिजली, साउंड सिस्टम, वीडियोग्राफी और दीवार घड़ी जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। इसके अलावा प्रश्न-पत्रों की सुरक्षित निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर अलग स्ट्रांग रूम बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मेडिकल और फ्रिस्किंग टीम रहेगी तैनात

प्रशासन के अनुसार प्रत्येक परीक्षा केंद्र में मेडिकल टीम और फ्रिस्किंग टीम की तैनाती की जाएगी। इससे परीक्षार्थियों की सुरक्षा और परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी। रायपुर जिले में परीक्षा देने वाले कुल 9,600 विद्यार्थियों में लगभग 3,348 पुरुष, 5,665 महिला और 37 दिव्यांग अभ्यर्थी शामिल हैं।

1:30 बजे बंद हो जाएंगे प्रवेश द्वार

NEET पुनर्परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दोपहर 1:30 बजे तक ही मिलेगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने छात्रों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है ताकि अंतिम समय की परेशानियों से बचा जा सके।

कई परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संत कंवरराम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, शासकीय प्राथमिक शाला बैरन बाजार, छत्तीसगढ़ कॉलेज और प्रो. जेएन पांडे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, अपर कलेक्टर मनीष मिश्रा तथा कमिश्नर कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


संबंधित समाचार