MP Morning News: चंबल इलाके में अवैध उत्खनन रोकने वाले दल पर हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार तड़के मुरैना में रेत माफिया ने एक बार फिर खूनी खेल खेलते हुए एक जांबाज वनकर्मी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना दिमनी थाना क्षेत्र के रानपुर चौराहे की है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे वन विभाग की टीम अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास कर रही थी। माफिया ने वाहन रोकने के बजाय वहां तैनात 32 वर्षीय वनकर्मी हरकेश गुर्जर पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर का पहिया सिर से गुजरने के कारण जनकपुर निवासी हरकेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन सहित फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दलित छात्रा का आत्मघाती कदम
मध्य प्रदेश के सागर जिले के मालथौन से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां छेड़छाड़ और पिता के साथ हुई मारपीट से आहत 9वीं की एक दलित छात्रा ने आत्मघाती कदम उठा लिया। फिलहाल किशोरी बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार 14 वर्षीय छात्रा को गांव का ही कपिल लोधी फोन पर परेशान कर रहा था। परिजनों की शिकायत के बाद जब पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, तो बौखलाए आरोपी ने अपने साथियों के साथ छात्रा के घर पर हमला कर दिया और उसके पिता को पीटा। घर के बाहर हुई गाली-गलौज और पिता पर हमले से छात्रा इतनी डर गई कि उसने घर के अंदर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। पुलिस ने कपिल और हर्षित लोधी सहित चार के खिलाफ BNS और SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं।
अनूपपुर के जंगलों में भड़की भीषण आग
अनूपपुर जिले के नगर पालिका बिजुरी क्षेत्र अंतर्गत विकास निगम के जंगलों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है। कपिलधारा वार्ड नंबर 7 के पास बरघाट के जंगलों में लगी यह आग तेजी से फैल रही है, जिससे वन्यजीवों और बेशकीमती लकड़ियों को भारी नुकसान की आशंका है। सूचना मिलते ही बिजुरी और बंगनवा से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। वन विभाग और दमकल की टीम आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है, लेकिन गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग बुझाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।