भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर व्यापम चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, दिग्विजय सिंह सहित कोई नेता मौजूद रहे।
जनता के अधिकार छीन लिए गए
इधर, प्रदर्शन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकार छीन लिए गए हैं और कांग्रेस उन अधिकारों को वापस दिलाने के लिए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाब मांग रहे हैं।
इस्तीफा नहीं होगा तबतक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा
जीतू पटवारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उन्हें 'देशद्रोही' बताते हुए कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने मध्य प्रदेश से करीब एक लाख कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिल्ली कूच करने की बात भी कही। उनके मुताबिक चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।
व्यापम से बोर्ड ऑफिस तक कांग्रेस का प्रदर्शन
बता दें कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बोर्ड ऑफिस चौराहे पर भी धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील और रजनीश सिंह भी मौके पर मौजूद रहे और जमकर नारेबाजी कर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।