Shahdol News: मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र में शनिवार का दिन बेहद दर्दनाक साबित हुआ। एक ही परिवार के मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मां समेत तीन मासूम बेटियों की कीटनाशक सेवन से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
मां ने बेटियों को पिलाया कीटनाशक पिलाया
जानकारी के अनुसार पपौंध थाना क्षेत्र के हिरवार गांव में रहने वाली 32 वर्षीय अनिता सिंह अपने तीन मासूम बेटियों रितिका सिंह (7), कृष्णकुमारी सिंह (4) और अर्पिता सिंह (2) के साथ घर में रहती थी। बताया जा रहा है कि उसका पति वाहन चालक है और काम के सिलसिले में दूसरे जिले गया हुआ था।शनिवार शाम कथित तौर पर अनिता ने पहले अपनी तीनों बेटियों को कृषि कार्य में उपयोग होने वाली कीटनाशक दवा पिलाई और बाद में स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मासूम बच्ची ने बताई पूरी घटना
बताया जा रहा है कि हालत बिगड़ने के दौरान एक बच्ची किसी तरह घर से बाहर निकली और पड़ोसियों को जानकारी दी कि उसकी मां ने उसे और उसकी बहनों को दवा पिलाई है और खुद भी पी ली है। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई चार जिंदगियां
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है और परिजन बदहवास है।
आत्मघाती कदम के पीछे की वजह बना रहस्य
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक महिला के मायके पक्ष, पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
पूरे इलाके में पसरा मातम, हर आंखें नम
एक ही परिवार के 3 मासूमों सहित मां के मौत की खबर ने पपौंध क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इन दर्दनाक घटना को लेकर स्तब्ध नजर आ रहा है, वहीं पुलिस आगे की कार्रवाई कर पूरे मामले की हर पहलुओं को लेकर जांच में जुटी हुई है।