होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Morning Breaking: CM साय का रायपुर दौरा, सावन के दूसरा सोमवार, कांग्रेस का प्रदर्शन और बस्तर में विजय शर्मा की तिरंगा यात्रा

Morning Breaking: CM साय का रायपुर दौरा, सावन के दूसरा सोमवार, कांग्रेस का प्रदर्शन और बस्तर में विजय शर्मा की तिरंगा यात्रा

Morning Breaking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज का दिन कई महत्वपूर्ण राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के लिहाज से खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। वहीं, शहर में बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन करेगी। इसके अलावा आज सावन माह का दूसरा सोमवार है। इस दिन सोम प्रदोष व्रत का संयोग बन रहा है, जिसके चलते शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल सकती है। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तावित तीन दिवसीय बस्तर तिरंगा यात्रा को लेकर भी तैयारियां चर्चा में हैं।

रायपुर में आज निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

राजधानी रायपुर में आज भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से होकर गुजरेगी। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी है। मुख्यमंत्री साय सुबह 9:50 बजे ग्राम बगिया से रायपुर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद करीब 11:15 बजे पुलिस लाइन हेलीपेड पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे सरदार बलवीर सिंह इनडोर स्टेडियम के लिए रवाना होंगे। इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तिरंगा यात्रा आगे बढ़ेगी। यात्रा का दोपहर करीब 1 बजे सुभाष स्टेडियम में समापन होगा। समापन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे।

15 अगस्त को इन जिलों में मंत्री करेंगे ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस को लेकर भी राज्य में तैयारियां जारी हैं। 15 अगस्त को रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बिलासपुर में ध्वजारोहण करेंगे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव दुर्ग और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बस्तर में तिरंगा फहराएंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव जिला मुख्यालय में ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों में मंत्री, विधायक और सांसद स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

सावन का दूसरा सोमवार, सोम प्रदोष का भी संयोग

आज सावन माह का दूसरा सोमवार है। सोमवार को भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इस बार सोमवार के साथ सोम प्रदोष व्रत का संयोग भी बन रहा है, जिससे धार्मिक दृष्टि से इस दिन का महत्व और बढ़ गया है। मान्यता के अनुसार श्रद्धालु सुबह स्नान के बाद व्रत का संकल्प लेते हैं। भगवान शिव का जल, दूध और गंगाजल से अभिषेक किया जाता है। पूजा में बेलपत्र, धतूरा, भांग और सफेद फूल अर्पित किए जाते हैं। भक्त भगवान शिव की आराधना के दौरान 'ॐ नमः शिवाय' और महामृत्युंजय मंत्र का जाप भी करते हैं।

रायपुर में बढ़ते अपराध के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

राजधानी रायपुर में बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस आज प्रदर्शन करने जा रही है। कांग्रेस का दावा है कि रायपुर में पिछले सात दिनों के दौरान छह हत्याओं की घटनाएं सामने आई हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी और पुतला दहन भी किया जाएगा। प्रदर्शन का आयोजन सुबह 11:30 बजे अंबेडकर चौक के पास प्रस्तावित है। कांग्रेस का आरोप है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंता का विषय बनती जा रही है। पार्टी इसी मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

12 से 14 अगस्त तक बस्तर में 'तिरंगा यात्रा'

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा 12 से 14 अगस्त तक तीन दिवसीय 'बस्तर तिरंगा यात्रा' निकालेंगे। यह यात्रा बस्तर के उन इलाकों से होकर गुजरेगी, जो लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहे हैं। प्रस्तावित यात्रा नारायणपुर से शुरू होकर दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर होते हुए कर्रेगुट्टा पहाड़ी तक जाएगी। कर्रेगुट्टा क्षेत्र को लंबे समय तक नक्सली गतिविधियों के प्रभाव वाले इलाके के तौर पर जाना जाता रहा है। इस यात्रा का उद्देश्य बस्तर के संवेदनशील और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तिरंगे के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक विश्वास का संदेश पहुंचाना बताया जा रहा है।
 


संबंधित समाचार