Morning Breaking: CM विष्णु देव साय का जशपुर दौरा, चैत्र नवरात्रि 2026 की शुरुआत, 14 ट्रेनें रद्द, और रायपुर में 3 दिन मांस-मटन बिक्री पर प्रतिबंध। पढ़ें पूरी अपडेट।
जशपुर दौरे पर रहेंगे CM:
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज अपने गृह जिले जशपुर के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर रायपुर हेलीपैड से जशपुर के लिए उड़ान भरेंगे। जशपुर में मुख्यमंत्री सरहुल पूजा में शामिल होंगे और विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार शाम 4:30 बजे वे रायपुर वापस लौटेंगे।
चैत्र नवरात्रि 2026 का शुभारंभ:
आज से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो गई है, जो 27 मार्च तक चलेगी। प्रदेशभर के देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है और ‘जय माता दी’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया है। इस बार नवरात्रि कई विशेष संयोगों के कारण और भी खास मानी जा रही है, अमावस्या तिथि में कलश स्थापना (दुर्लभ योग) शुक्ल और ब्रह्म योग का संयोग (19 मार्च) राम नवमी और दुर्गा अष्टमी एक ही दिन प्रशासन ने मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं।
14 ट्रेनें रहेंगी रद्द:
छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 14 ट्रेनों को 5 अप्रैल से 24 अप्रैल तक अलग-अलग तिथियों में रद्द किया गया है। इसमें 10 एक्सप्रेस और 4 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं, जो बिलासपुर, रायपुर और गोंदिया रूट पर चलती हैं। रेलवे के अनुसार गोंदिया स्टेशन पर प्लेटफॉर्म और ट्रैक मरम्मत कार्य के कारण यह फैसला लिया गया है। इससे महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
रायपुर में 3 दिन बंद रहेंगी मांस-मटन की दुकानें:
रायपुर नगर निगम ने धार्मिक आयोजनों को देखते हुए शहर में मांस-मटन की दुकानों को तीन दिन बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिसके मुताबिक 20 मार्च चेट्रीचंड, 27 मार्च राम नवमी और 31 मार्च महावीर जयंती पर बंद रहेगी, इन दिनों पशु वध गृह सहित सभी मांस बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।