महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टेमरी नाका चेकपोस्ट पर नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में चांदी के जेवर बरामद किए हैं, जिनकी कीमत 54 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
संदिग्ध वाहनों की सघन जांच:
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिले में स्थायी और मोबाइल चेकपोस्ट लगाकर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में 17 मार्च को टेमरी नाका पर चेकिंग के दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रही एक सफेद रंग की सेलेरियो कार (क्रमांक CG 04 PY 7882) को रोका गया।
चांदी के जेवर बरामद हुए:
कार में सवार चालक ने अपना नाम टिकेश कुमार साहू (38 वर्ष), निवासी उरला थाना क्षेत्र, रायपुर बताया, जबकि दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम वीरेंद्र प्रधान (50 वर्ष), निवासी मठपारा, टिकरापारा थाना, रायपुर बताया। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो बीच की सीट पर रखे तीन बैगों में चांदी के फैंसी आभूषण पाए गए। जांच के दौरान कुल 41 पैकेट में रखे 21.089 किलोग्राम चांदी के जेवर बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत 54 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
गवाहों की मौजूदगी में सामान जब्त:
पुलिस द्वारा आरोपियों से इन आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे संतोषजनक कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर गवाहों की मौजूदगी में पूरे सामान को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस दोनों व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।