Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक, धार्मिक और छात्र संगठनों की गतिविधियों के लिहाज से अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर और भिलाई के दौरे पर रहेंगे। वहीं राजधानी रायपुर में 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता होगी। दूसरी ओर, छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर NSUI रायपुर कमिश्नर को ज्ञापन सौंपेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दिन विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में व्यस्त रहेगा। वे सुबह 11 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे रायपुर से भिलाई के लिए रवाना होंगे, जहां वे पद्म विभूषण स्वर्गीय तीजन बाई की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुनः रायपुर लौटकर दोपहर 3:30 बजे विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।
16 जुलाई की भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में
राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में 16 जुलाई को भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर जगन्नाथ सेवा समिति आज प्रेस वार्ता करेगी। प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारी रथ यात्रा के मार्ग, धार्मिक कार्यक्रमों, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा करेंगे। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
छात्रों के मुद्दों को लेकर NSUI का प्रदर्शन
छात्र संगठन NSUI एक बार फिर छात्र हितों के मुद्दे को लेकर सक्रिय हो गया है। संगठन का आरोप है कि पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) प्रशासन द्वारा गलत जानकारी देकर छात्रों को प्रवेश दिलाया गया, जिससे कई विद्यार्थियों का आर्थिक और शैक्षणिक नुकसान हुआ। इन्हीं आरोपों को लेकर NSUI के कार्यकर्ता सुबह 11 बजे रायपुर कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपेंगे और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे