Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में 20 मई को ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मेडिकल दुकानें बंद रहेंगी। जगदलपुर में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक भी होगी।
जगदलपुर में आज 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक
बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में आज 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में Vishnu Deo Sai सहित उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। बैठक में राज्यों के बीच प्रशासनिक समन्वय, सुरक्षा, विकास और नीतिगत विषयों पर चर्चा की जाएगी। बस्तर में पहली बार इस स्तर की मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक आयोजित हो रही है, जिसे प्रदेश के लिए अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के जगदलपुर दौरे का दूसरा दिन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जगदलपुर दौरे का आज दूसरा दिन है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11 बजे बैठक में शामिल होंगे और शाम 5 बजे जगदलपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री शाम 6:05 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और उसके बाद सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
20 मई को बंद रहेंगी मेडिकल दुकानें
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को देशभर में मेडिकल दुकानों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। इस आंदोलन का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा। राजधानी रायपुर में 3300 से अधिक मेडिकल दुकानें बंद रहने की जानकारी सामने आई है। यह बंद ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाओं की ऑनलाइन बिक्री लोगों की सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। केमिस्ट संगठनों ने GSR 817 और GSR 220 नियमों को वापस लेने की मांग की है। बंद के दौरान मेडिकल कॉम्प्लेक्स की दुकानें भी बंद रहेंगी। हालांकि अस्पताल परिसरों के अंदर संचालित मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे, ताकि मरीजों को आवश्यक दवाएं मिलती रहें।