भोपाल : मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल सुस्त पड़ गई है। जुलाई महीने में पहली बार प्रदेश में बारिश का आंकड़ा सामान्य स्तर से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में केवल हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने के आसार है। जबकि बड़े हिस्से में धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ाएगी।
आज पूर्वी जिलों में फुहारें, बाकी प्रदेश में धूप
मंगलवार को सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में गरज-चमक और आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दूसरी ओर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, नर्मदापुरम समेत प्रदेश के बड़े हिस्से में तेज धूप निकलने का अनुमान है। यहां फिलहाल झमाझम बारिश की संभावना कम है।
दो दिन सहनी पड़ेगी उमस भरी गर्मी
अभी तक के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 जुलाई का दिन भी कुछ इसी तरह रहने वाला है. राज्य के ज्यादातर हिस्से शुष्क रहेंगे. इसका मतलब है कि फिलहाल दो दिनों तक प्रदेशवासियों को कोई बड़ी राहत नहीं मिलने वाली है. लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा. वहीं 16 जुलाई को कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने की संभावना बन रही है.
जल्द बारिश का दौर होगा शुरू
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसम तंत्र विकसित होने की संभावना है। इसके सक्रिय होने के बाद प्रदेश में मानसून फिर से गति पकड़ सकता है और आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।