छतरपुर। जिले के लवकुशनगर क्षेत्र के सिजई गांव स्थित परमानंद जी महाराज साहब के आश्रम में आज निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में विभिन्न समाजों के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 75 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह के बंधन में बंधे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
विदेश दौरा रद्द करके मैं आपके दर्शन करने आया हूं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से कहा कि "विदेश दौरा रद्द करके मैं आपके दर्शन करने आया हूं।" उन्होंने कहा कि त्योहारों का महत्व केवल सरकारी छुट्टियों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सरकार और समाज को भी उत्सवों में सहभागी बनना चाहिए। जब समाज त्योहारों में शामिल होता है, तो सरकार को भी पीछे नहीं रहना चाहिए।
शिक्षा व्यवस्था में भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन जयंती, जन्माष्टमी और गुरु पूर्णिमा जैसे पर्व हमारी गौरवशाली परंपराओं और संस्कृति से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने विश्वविद्यालयों में कुलपति के पदनाम को बदलकर 'कुलगुरु' करने का निर्णय लिया, ताकि शिक्षा व्यवस्था में भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का सम्मान और गौरव प्रतिबिंबित हो सके। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हमारी सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में लिया गया है।
साध्वी ऋतंभरा, ज्योतिर्मयानंद महाराज रहे मौजूद
इस दौरान कार्यक्रम में साध्वी ऋतंभरा सहित अनेक संत-महात्मा एवं ज्योतिर्मयानंद महाराज साहब भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने परमानंद जी महाराज के सेवा एवं जनकल्याण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके संकल्प से स्थापित आश्रम में गौशाला सहित अनेक जनकल्याणकारी प्रकल्प संचालित हो रहे हैं। महामंडलेश्वर के रूप में महाराज जी ने समाज और धर्म के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है।
समारोह में 75 जोड़ों का विवाह संपन्न
सामूहिक विवाह समारोह में 75 जोड़ों का विवाह संपन्न होने के साथ ही गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए सामाजिक सहयोग और सेवा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में संतों की उपस्थिति, मुख्यमंत्री का आगमन और सामूहिक विवाह आयोजन श्रद्धा एवं सामाजिक समरसता का विशेष केंद्र रहा।