देवरीकलां। सागर जिले में शराब से जुड़ी संदिग्ध मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जैतपुर डोमा और बंडा में शराब से हुई मौतों के मामलों के बाद अब देवरी थाना अंतर्गत देवरी नगर में भी एक 30 वर्षीय आदिवासी युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने जहरीली शराब के सेवन से मौत होने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
अस्पताल ले जाने से पहले हुई मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सचिन ठाकुर (30 वर्ष), निवासी नई नगरपालिका भवन के सामने, देवरी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक रात्रि में सचिन बंधा के पुल पर पड़ा था । इसके कुछ समय बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
अवैध शराब की बिक्री खुलेआम
मृतक के परिजनों का आरोप है कि देवरी नगर में अवैध शराब की बिक्री खुलेआम हो रही है और इसी के सेवन से सचिन की जान गई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। परिजनों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
परिवार में टूटा दुःखों का पहाड़
युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहल्ले के लोगों में भी चिंता और नाराजगी देखी जा रही है।
आबकारी विभाग के लिए गंभीर चुनौती
जैतपुर डोमा, बंडा और अब देवरी में सामने आए शराब से जुड़े मौत के मामलों ने अवैध शराब की बिक्री और उसकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि इन मामलों में शराब की भूमिका सामने आती है, तो यह प्रशासन और आबकारी विभाग के लिए गंभीर चुनौती होगी।
मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग
स्थानीय लोगों और परिजनों ने मांग की है कि सचिन की मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अवैध शराब की बिक्री में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा देवरी नगर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जाए।