धमतरी जिले में ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट और अनुचित व्यवहार के मामले में पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुरूद थाने में पदस्थ आरक्षक पवन बर्मन को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन रूद्री अटैच करने के साथ प्राथमिक जांच के निर्देश जारी किए हैं।
टोल प्लाजा के पास हुई घटना की शिकायत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मरौद टोल प्लाजा के समीप एक ट्रक चालक के साथ आरक्षक द्वारा दुर्व्यवहार और मारपीट किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। इस संबंध में कुरूद थाना प्रभारी ने विस्तृत प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक को सौंपा, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
जांच में ड्यूटी स्थल से भी मिले गायब
प्रारंभिक जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित आरक्षक अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद नहीं था। विभागीय जांच में ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने की जानकारी मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया।
अनुशासनहीनता पर एसपी की सख्ती
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले और सेवा आचरण नियमों के विपरीत किसी भी व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर आरक्षक को निलंबित करने का निर्णय लिया गया है।
विभागीय जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की प्राथमिक जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।