मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से प्रतीक्षित सरकारी मेडिकल कॉलेज को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। मंजूरी मिलने के बाद अब शैक्षणिक सत्र 2026-27 से यहां 50 MBBS सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
NMC ने जारी किया लेटर ऑफ परमिशन
जानकारी के अनुसार, नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए लेटर ऑफ परमिशन (LoP) जारी कर दिया है। इस स्वीकृति के साथ ही कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू करने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्री बोले- जनता से किया वादा पूरा किया
स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज को मिली मंजूरी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से मेडिकल कॉलेज शुरू कराने का जो वादा किया गया था, उसे अब पूरा कर दिया गया है।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा को भी नई दिशा मिलेगी।