होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका: सारंडा जंगल में 1 करोड़ का इनामी नक्सली अनल दा समेत 11 ढेर

नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका: सारंडा जंगल में 1 करोड़ का इनामी नक्सली अनल दा समेत 11 ढेर

झारखंड के सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। गुरुवार तड़के चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों और भाकपा (माओवादी) नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष नक्सली अनल दा उर्फ तूफान समेत 11 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। हालांकि, मारे गए नक्सलियों की अंतिम संख्या और पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभियान पूरा होने के बाद की जाएगी।

अचानक हुई फायरिंग, इलाके की घेराबंदी

सूत्रों के अनुसार झारखंड पुलिस, कोबरा बटालियन और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की संयुक्त टीम सारंडा के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान जंगल में छिपे नक्सलियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से भारी फायरिंग होने लगी।

अनल दा के दस्ते से हुई मुठभेड़

बताया जा रहा है कि यह मुठभेड़ कुख्यात नक्सली अनल दा उर्फ तूफान के दस्ते से हुई, जिसमें 14 से ज्यादा नक्सली शामिल थे। लगातार चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 11 से अधिक नक्सलियों को ढेर कर दिया। सूत्रों का दावा है कि इस दौरान अनल दा भी मारा गया है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर इसकी औपचारिक पुष्टि अभी बाकी है।

DIG ने की मुठभेड़ की पुष्टि

कोल्हान रेंज के DIG अनुरंजन किस्पोट्टा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि ऑपरेशन फिलहाल जारी है। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान के समाप्त होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। यह भी जानकारी सामने आ रही है कि मुठभेड़ में 50 लाख रुपये के इनामी एक अन्य बड़े नक्सली कमांडर को भी मार गिराया गया है।

नक्सलियों का मजबूत गढ़ रहा है सारंडा

सारंडा का जंगल क्षेत्र दुर्गम पहाड़ियों और घने वन क्षेत्र के कारण लंबे समय से नक्सलियों का मजबूत ठिकाना माना जाता रहा है। इसी वजह से यहां सुरक्षाबलों द्वारा लगातार बड़े स्तर पर नक्सल विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

कौन था अनल दा उर्फ तूफान

अनल दा उर्फ तूफान का असली नाम पतिराम मांझी उर्फ पतिराम मरांडी उर्फ रमेश बताया जाता है। वह गिरिडीह जिले के पीरटांड थाना क्षेत्र के झरहाबाले गांव का निवासी था। भाकपा (माओवादी) संगठन में वह सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) था और संगठन के प्रमुख रणनीतिकारों में गिना जाता था। वर्ष 1987 से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय अनल दा हत्या, आईईडी ब्लास्ट, हथियार लूट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था।

नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका

हाल के महीनों में झारखंड और आसपास के राज्यों में नक्सल विरोधी अभियानों को लगातार सफलता मिल रही है। एक करोड़ के इनामी पोलित ब्यूरो सदस्य प्रशांत बोस की गिरफ्तारी, सेंट्रल कमेटी सदस्य सुधाकर का सरेंडर और कई शीर्ष नक्सलियों के मारे जाने के बाद यह ताजा मुठभेड़ नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ एक अहम उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।


संबंधित समाचार