होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

महादेव सट्टा ऐप केस में सौरभ चंद्राकर की बढ़ी मुश्किलें, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

महादेव सट्टा ऐप केस में सौरभ चंद्राकर की बढ़ी मुश्किलें, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। CBI की आठ दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने सौरभ चंद्राकर को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। यानी अब आरोपी को अगले 14 दिन जेल में बिताने होंगे।

CBI ने दोबारा नहीं मांगी कस्टडी

महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच कर रही CBI ने सौरभ चंद्राकर से लगातार आठ दिनों तक पूछताछ की। रिमांड की अवधि पूरी होने पर जांच एजेंसी ने उसे दोबारा अपनी कस्टडी में लेने की मांग नहीं की। CBI की ओर से अदालत में आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध किया गया। कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत का फैसला सुनाया।

सौरभ की पेशी के दौरान CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारी भी अदालत में मौजूद रहे। ED की तरफ से अधिवक्ता सौरभ पांडे ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की ओर से तुषार गिरी ने पैरवी की।

ED के नॉन-बेलेबल वारंट पर भी कार्रवाई

इस सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय ने भी अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया। ED ने सौरभ चंद्राकर के खिलाफ जारी नॉन-बेलेबल वारंट को एक्जीक्यूट कराने के लिए अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया है। ऐसे में इस मामले में CBI के साथ-साथ ED की जांच और कानूनी कार्रवाई भी महत्वपूर्ण हो गई है।

सट्टा नेटवर्क और हवाला कनेक्शन की जांच

CBI की आठ दिनों की पूछताछ में महादेव ऐप के संचालन, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए कथित करोड़ों रुपये के लेनदेन और प्रोटेक्शन मनी जैसे अहम बिंदुओं पर जानकारी जुटाने की कोशिश की गई। जांच एजेंसी यह पता लगाने में लगी है कि सट्टे के कारोबार से अर्जित रकम का इस्तेमाल कहां हुआ और इस नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े थे।

जांच का दायरा बढ़ाते हुए CBI ने चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है। एजेंसी कथित तौर पर इस पूरे नेटवर्क को संरक्षण देने वाले लोगों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

दुर्ग से शुरू हुई थी महादेव ऐप मामले की जांच

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मोहन नगर थाने में दर्ज की गई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की। सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल इस मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल हैं।

वहीं, CBI ने 18 दिसंबर 2024 को मामले में अलग से FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब सौरभ चंद्राकर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी। महादेव ऐप के कथित नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और इससे जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है।


संबंधित समाचार